चमोली

पीएम धन धान्य कृषि योजना के शुभारंभ पर चमोली में हुआ चिंतन शिविर

 

प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों को किया संबोधित — कहा, अन्नदाता को सशक्त बनाकर भारत को कृषि निर्यातक देश बनाना लक्ष्य

चमोली।
देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम धन धान्य योजना के शुभारंभ के अवसर पर शनिवार को जनपद चमोली में एक चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया।

जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट और जिलाधिकारी श्री संदीप तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि अन्नदाता को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से देश के 100 जनपदों में पीएम धन धान्य योजना तथा दलहन आत्मनिर्भरता अभियान का शुभारंभ किया गया है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि आज देश को 42 हजार करोड़ रुपये की कृषि परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य कृषि जोतों का विस्तार कर भारत को कृषि उपजों के वैश्विक निर्यातक के रूप में स्थापित करना है। धन धान्य योजना के तहत चयनित जनपदों में मिट्टी और जलवायु के अनुरूप फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें देश के विकास से सीधे जोड़ा जा सकेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी सुधारों से कृषि उपकरणों और सामग्रियों की कीमतों में कमी आई है, जिससे किसानों को राहत मिली है। उन्होंने किसानों से योजनाओं का लाभ लेकर देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि पीएम धन धान्य योजना सीमांत क्षेत्र के किसानों के लिए उम्मीद की किरण है। योजना के माध्यम से चमोली जनपद के किसानों को अपनी आर्थिकी सुदृढ़ करने के नए अवसर मिलेंगे।

जिलाधिकारी श्री संदीप तिवारी ने बताया कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत कृषि, उद्यान, पशुपालन, भेषज, मत्स्य, रेशम, एनआरएलएम और सहकारिता विभागों के समन्वय से किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि चमोली जनपद का चयन देश के सौ जनपदों में हुआ है, और जिला प्रशासन की ओर से किसानों की आय वृद्धि व कृषि उत्पाद बढ़ाने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार की जा रही है।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक श्री आनंद भाकुनी, मुख्य उद्यान अधिकारी श्री नितेंद्र सिंह, भेषज संघ के सचिव श्री विवेक कुमार, पशुपालन विभाग के डॉ. पुनीत भट्ट सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button