विधानसभा सचिवालय में क्लर्क पद का फर्जी नियुक्ति पत्र जारी, केस दर्ज
आरटीआई में मांगी गई जानकारी से हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा, विधानसभा जांच में आदेश पाया गया जाली
देहरादून। विधानसभा सचिवालय में क्लर्क पद पर नियुक्ति का फर्जी पत्र जारी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विधानसभा के अनु सचिव की ओर से नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
एसओ नेहरू कॉलोनी संजीत कुमार ने बताया कि विधानसभा सचिवालय के अनु सचिव हरीश कुमार ने इस संबंध में तहरीर एसएसपी कार्यालय को भेजी। तहरीर में उल्लेख किया गया कि उन्हें एक पत्र प्राप्त हुआ जिसे विधानसभा से जारी बताया गया था। उक्त पत्र नौ मई 2025 को जारी दिखाया गया था और इसमें निधि उनियाल पत्नी दिगंबर प्रसाद उनियाल, निवासी सौड़ा सरोला, रायपुर की विधानसभा में क्लर्क पद पर नियुक्ति दर्शाई गई थी।
विधानसभा की आंतरिक जांच में यह पत्र पूरी तरह फर्जी पाया गया। जांच में स्पष्ट हुआ कि पत्र में जिस उपसचिव अमित सिंह के हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं, ऐसा कोई अधिकारी विधानसभा में कार्यरत ही नहीं है। इस पर विधानसभा सचिवालय ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को शिकायत दी।
एसओ संजीत कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पत्र किसने तैयार किया और किस उद्देश्य से इसे जारी बताया गया।


