देहरादून

विवाहिता उर्मिला की संदिग्ध मृत्यु पर राज्य महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, सख्त कार्रवाई के निर्देश

चमोली। जनपद चमोली के दूरस्थ थराली क्षेत्र में 23 वर्षीय विवाहिता उर्मिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस घटना पर उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए स्वतः संज्ञान लिया है।

अखबारों में प्रकाशित जानकारी के अनुसार मृतका उर्मिला का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व हुआ था और उसका 11 माह का एक शिशु भी है। बताया जा रहा है कि उसने आत्महत्या की, लेकिन यह गंभीर जांच का विषय है कि क्या उसे आत्महत्या के लिए विवश या उकसाया गया।

पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।

महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने इस पूरे प्रकरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि “यह न केवल एक संवेदनशील मामला है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा गंभीर प्रश्न भी है।”

आयोग ने एसपी चमोली से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और निर्देश दिए हैं कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पुलिस को पीड़िता के परिवार को कानूनी सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

अध्यक्ष कण्डवाल ने कहा कि “दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएँ समाज के लिए कलंक हैं, और हमें ऐसी मानसिकता के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा, ताकि भविष्य में कोई बेटी ऐसी पीड़ा न सहे।

राज्य महिला आयोग ने कहा है कि वह इस प्रकरण की सतत निगरानी करेगा और न्याय सुनिश्चित होने तक इसे प्राथमिकता पर रखेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button