देहरादून
डीआईएस का ऑनलाइन प्लेटफार्म हैक करने वाले 3 साइबर ठग बरेली से गिरफ्तार

देहरादून-: राजधानी के दून इंटरनेशनल स्कूल(डीआईएस) द्वारा बच्चो, अभिभावको और स्कूलों के बीच संचार माध्यम को बनाई ऑनलाइन साइट ‘स्कूलपैड'(SchoolPad) का फर्जी इंटरफ़ेस बनाकर असल प्लेटफार्म हैक कर बच्चो की डिटेल्स लीक कर ,अभिभावको को स्कूल के एआई रोबोटिक्स लैब में 4990 रुपये फीस जमा करने को लेकर व्हाट्सएप्प संदेश भेज बच्चो के अभिभावकों से साइबर ठगी करने के मामले में एसटीएफ ने खुलासा करते हुए घटना से जुड़े 3 साइबर ठगों को बरेली से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए 2 अभियुक्त बरेली थाने के कुख्यात बदमाश है जो पहले भी जेल की हवा खा चुके है।
एसएसपी एसटीएफ़ नवनीत सिंह ने बताया कि देहरादून सिटी कैम्पस दून इंटरनेशनल स्कूल(डीआईएस) के प्रधानाचार्य द्वारा साइबर थाने को बीती जुलाई में एक शिकायत दी थी,जिसके अनुसार विद्यार्थी और अभिभावक प्रतिदिन स्कूल अपडेट देखने, समय सारिणी जानने तथा विद्यालय शुल्क जमा करने आदि के लिए बनाए गए स्कूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “SchoolPad” को किसी के द्वारा हैक कर लॉगिन कर, विद्यार्थियों के नाम, संपर्क विवरण और लॉगिन डेटा जैसी जानकारी लीक कर दी व हैकर द्वारा स्कूल की तीनों शाखाओं डीआईएस सिटी कैंपस, डीआईएस रिवरसाइड और डीआईएस मोहाली के छात्र डेटा तक पहुँच बना ली गयी है। उन्होंने बताया कि हैकरों द्वारा SchoolPad प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक फर्जी संदेश भेज 4990/-रुपये एआई सक्षम रोबोटिक्स लैब के लिए जमा करने को कहा गया और यह संदेश देखने मे बिल्कुल ऑफिसियल लग रहा था,और कुछ अभिभावको पर जब यह संदेश पहुँचा तब जाकर स्कूल को इसकी जानकारी हुई। हैकरों द्वारा अभिभावको से उनकी निजी जानकारी व अपने बताये खाते में पैसे डालने को साइबर फ्रॉड किया गया है।
राजधानी के बड़े स्कूल के साथ हुई इस साइबर ठगी के मामले में
एसटीएफ़ द्वारा निरीक्षक विकास भारद्वाज, साईबर क्राईम पुलिस स्टेशन, देहरादून को सुपुर्द कर जांच शुरू की। साईबर पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त विद्यालय का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “SchoolPad, बैंक खातों/ रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बरों / व्हाट्सअप की जानकारी जुटाते हुए ऑनलाइन प्लेटफार्म सर्विस कंपनी, बैंक, मेटा सब से डाटा जुटाया गया व जांच में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “SchoolPad” के जरिए बच्चो के अभिभावकों से विभिन्न बैंक खातों में धनराशि स्थानान्तरित करवाये जाने की पुष्टि हुई।
घटना में एक के बाद एक लिंक जोड़ते हुए साइबर टीम द्वारा SchoolPad प्लेटफार्म के जरिये बच्चो के अभिभावकों से जिन खातों में पैसे लिए गए उन खाता धारकों मोहम्मद रिजवान(19) पुत्र बालम ख़ान निवासी- ग्राम मुल्लापुर पोस्ट रिठौरा जिला बरेली उत्तर प्रदेश व सुदामा दिवाकर पुत्र ओम प्रकाश निवासी- आकाश पुरम आर०के० यूनिवर्सिटी, बरेली,नज़दीक बब्बू स्किराना स्टोर टोर,और मोहम्मद फ़राज़(18) पुत्र सरताज निवासी बनखाना गुलाबनगर बरेली उत्तरप्रदेश को ट्रैक करते हुए कल शुक्रवार को बरेली से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
नवनीत सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिक स्तर की पूछताछ में अभियुक्तो द्वारा डीआईएस के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “SchoolPad” ऐप का फर्जी इंटरफेस तैयार किया और फिर तकनीकी तरीकों से असली प्लेटफॉर्म में हैकिंग कर सिस्टम से स्कूल की तीन शाखाओं (सिटी कैंपस, रिवरसाइड और मोहाली) के विद्यार्थियों के नाम, संपर्क विवरण और लॉगिन जानकारी हासिल की। उन्होंने बताया कि अभियुक्तो के बैंक खातों की डिटेल खंगालने पर उसमे कुछ महीनो में ही करोड़ो का लेन-देन पाया गया है।
गिरफ़्तार अभियुक्त रिजवान के खिलाफ बरेली के इज्जतनगर थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 318(4), 319(2), 338, 338(3), 340(2) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(d) में मुकदमा पंजीकृत है, वहीं अभियुक्त सुदामा के विरुद्ध भी थाना इज्जतनगर में भारतीय दंड संहिता की धाराएं 379 एवं 411 में मुकदमा पंजीकृत है। दोनो अभियुक्त पूर्व में जेल भी जा चुके है।


