देहरादून

तेज रफ्तार कार की चपेट में आए भाजयुमो महामंत्री जितेंद्र बिष्ट, इलाज के दौरान मौत

शिमला बाईपास रोड पर हुआ हादसा, साथी घायल — चालक फरार

देहरादून। शनिवार की रात शिमला बाईपास रोड पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में डीएवी पीजी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष और भाजयुमो महानगर महामंत्री जितेंद्र सिंह बिष्ट की मौत हो गई। यह हादसा सेंट ज्यूड्स स्कूल के पास उस समय हुआ, जब जितेंद्र अपने साथी ऋतिक के साथ सड़क किनारे खड़े थे।

अचानक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को वेलमेड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान जितेंद्र बिष्ट ने दम तोड़ दिया। साथी ऋतिक का इलाज जारी है।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने कुछ दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त कार को बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल वाहन एक वर्कशॉप में मरम्मत के लिए आया था। पुलिस ने वर्कशॉप मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जितेंद्र बिष्ट वर्ष 2018 में एबीवीपी समर्थित पैनल से डीएवी छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए थे। वर्तमान में वे भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) देहरादून महानगर में महामंत्री का दायित्व निभा रहे थे। वे अपने पीछे डेढ़ वर्ष के पुत्र सहित शोकाकुल परिवार छोड़ गए हैं।

जितेंद्र के निधन की खबर से छात्र-राजनीति और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, डीएवी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष एवं मेयर सौरभ थपलियाल, कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना, भाजपा नेता रविन्द्र जुगरान आशीष रावत,  सहित विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button